वीर बहादुर सिंह / सोनभद्र (9616107197)
सोनभद्र।पसही विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ लाइन ठीक करने के दौरान एक संविदा लाइनमैन गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गया। घायल लाइनमैन की पहचान बहेरा गाँव के निवासी रमेश कुमार (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। उन्हें इलाज के लिए तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को रमेश कुमार विद्युत लाइन में आई खराबी को ठीक करने के लिए बिजली के पोल (खंभे) पर चढ़कर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दूसरे फीडर की लाइन से आए बैक करंट की चपेट में वह आ गए। अवर अभियंता (Junior Engineer) कमलेश कुमार ने बताया कि रमेश को करीब 11 हजार वोल्ट का बैक करंट लगा है मौके पर मौजूद साथियों की तत्परता से बची जान, करंट का झटका इतना तेज था कि रमेश के हाथ-पैर तुरंत सुन्न हो गए। राहत की बात यह रही कि तेज झटका लगने के बावजूद वह पोल से नीचे नहीं गिरे। मौके पर मौजूद अन्य साथी लाइनमैनों ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें तुरंत पोल से नीचे उतारा और बिना समय गंवाए तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार चल रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही विभाग के अधिकारी और रमेश के परिजन भी अस्पताल पहुँच गए हैं। पुलिस और विद्युत विभाग मामले की जांच कर रहे हैं कि शटडाउन के बावजूद दूसरे फीडर से बैक करंट कैसे आया।