कोन-(मुन्ना लाल जायसवाल)
मो0-9792806504
कोन (सोनभद्र)। विकास खण्ड कोन के ग्राम पंचायत चांची कला में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र की बदहाली ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गई है। केंद्र के आसपास कूड़ा और गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र न तो नियमित रूप से खुलता है और न ही वहाँ साफ-सफाई का कोई ध्यान रखा जाता है। बच्चों के खेलने और बैठने की जगह पर कूड़े-कचरे का ढेर लगा है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि केंद्र पर लगा हैंडपंप भी कई महीनों से खराब है, जिससे पीने के पानी की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।
ग्रामवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। “सरकारी योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब ज़मीनी स्तर पर काम होगा। लेकिन यहाँ तो केंद्र ही बंद रहता है,” एक स्थानीय महिला ने नाराजगी जताते हुए कहा।
अब ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्था को सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं ताकि बच्चों और महिलाओं को सरकारी योजनाओं का सही लाभ मिल सके।