सर्पदंश से सात वर्षीय छात्रा की मौत, गांव में पसरा मातम
कोन-(मुन्ना लाल जायसवाल) मो0-9792806504
कोन थाना क्षेत्र के चांचीकला ग्राम पंचायत अंतर्गत नरहटी टोला में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। सात वर्षीय प्रिया कुमारी, पुत्री कमलेश कुमार चौधरी, की सर्पदंश से मौत हो गई। मासूम प्रिया प्राथमिक विद्यालय तेनुइयादामर में कक्षा 1 की छात्रा थी।
परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे प्रिया अपने घर के सामने खेल रही थी, तभी किसी जहरीले जंतु ने उसे डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे आराम करने के लिए सुला दिए, लेकिन रात भर में उसकी स्थिति और बिगड़ गई। गुरुवार सुबह जब परिजनों ने देखा कि वह नहीं जाग रही है, तो हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर कोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुद्धी भेज दिया। बच्ची की असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गांवों में सर्पदंश से संबंधित प्राथमिक चिकित्सा की सुविधाएं बढ़ाई जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।