कोन-(मुन्ना लाल जायसवाल)
मो0-9792806504
कोन(सोनभद्र)। स्थानीय प्रशासन ने कोन थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध अस्पतालों पर शिकंजा कसते हुए बुधवार को दो अस्पतालों को सील कर दिया। यह कार्रवाई 6 अगस्त 2025 को भारत हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में इलाज के दौरान एक बालक की हुई मौत के बाद शुरू हुई थी। घटना के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए थे। मामले में कोन थाने में मु०अ०सं० 175/25 धारा 106 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जिलाधिकारी सोनभद्र ने इस प्रकरण पर गंभीर संज्ञान लेते हुए जांच टीम का गठन किया। टीम में पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मिर्जापुर, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक सिंह, क्षेत्राधिकारी ओबरा हर्ष पाण्डेय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० प्रेमनाथ, डॉ० कीर्ति आजाद और प्रभारी निरीक्षक कोन शामिल थे।
जांच टीम ने सबसे पहले भारत हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर का निरीक्षण किया। इसके बाद कोन थाना क्षेत्र के अन्य अस्पतालों की भी जांच की गई। कुल तीन अस्पतालों की जांच में दो को अवैध पाया गया। महिला होमियो हाल हास्पिटल की संचालिका मीरा सिंह आवश्यक कागजात नहीं दिखा सकीं। वहीं आयुष्मान चिकित्सालय के पास भी जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। दोनों अस्पतालों को प्रशासन ने तत्काल सील कर दिया।
सत्यम फार्मा हॉस्पिटल की भी जांच की गई, लेकिन उसके कागजात सही पाए गए। टीम ने आवश्यक दिशा-निर्देश देकर उसे संचालन की अनुमति दी।
इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों और मेडिकल प्रतिष्ठानों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।