कोन-(मुन्ना लाल जायसवाल)
मो0-9792806504
कोन(सोनभद्र)।जनपद में खाद संकट गहराता जा रहा है। इसी समस्या को लेकर शनिवार को कोन थाना क्षेत्र के सलैयाडीह बाजार में सैकड़ों किसान एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए। किसानों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए खाद वितरण में हो रही धांधली और कालाबाज़ारी का आरोप लगाया तथा जिलाधिकारी सोनभद्र को संबोधित ज्ञापन कोन थाना प्रभारी को सौंपा।
किसानों का कहना था कि फसल का समय निकल रहा है, लेकिन खाद की किल्लत से वे परेशान और हताश हैं। गोदाम और लेम्प्स केंद्रों पर घंटों लाइन लगाने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही है। वहीं बड़े पैमाने पर खाद चोरी कर बाहर सप्लाई की जा रही है और खुले बाजार में ऊँचे दाम पर बेचा जा रहा है।
किसानों का बयान
प्रदर्शन के दौरान किसानों और किसान नेताओं ने अपने आक्रोश को खुलकर व्यक्त किया।
नंदलाल निषाद ने कहा—हम कई-कई दिन गोदाम का चक्कर काटते हैं, लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ता है। इस बार की फसल खतरे में है।
संजय कन्नौजिया ने कहा— “चार-चार खाद वितरण केंद्र हैं लेकिन किसानों को खाद नहीं मिल रही। सारा माल बाहर भेज दिया जाता है।
अवधेश राय ने कहा— “अगर एक हफ्ते के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम लोग बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
केदार कन्नौजिया ने कहा— “हमारे गाँव के किसान लगातार खाद के लिए परेशान हैं। प्रशासन को चाहिए कि हर किसान को टोकन प्रणाली से खाद उपलब्ध कराए, तभी न्याय होगा।
राजेन्द्र जायसवाल ने कहा— “खाद की कमी ने हम किसानों की कमर तोड़ दी है। कालाबाज़ारी रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
रामउदित साह ने कहा— “छोटे किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। जिनके पास पूंजी नहीं है, वे कालाबाज़ारियों से महंगे दाम पर खाद नहीं खरीद सकते। हमारी फसलें बर्बाद हो जाएँगी।”
मंदीप साह ने कहा— “सरकार किसानों के लिए योजनाएँ बनाती है लेकिन जमीनी स्तर पर अधिकारी और माफिया मिलकर सब चौपट कर दे रहे हैं। हम इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रदेश उपाध्यक्ष व मिर्जापुर प्रभारी सुरेन्द्र कुमार जायसवाल उर्फ़ राजू ने कहा— “किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करना प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। खाद वितरण में धांधली और कालाबाज़ारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसानों की मांगों को तुरंत पूरा नहीं किया गया तो पार्टी किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।
जिलाधिकारी को ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन तैयार कर एसएचओ कोन को सौंपा, जिसे जिलाधिकारी सोनभद्र तक पहुँचाया जाएगा। ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि—
खाद वितरण में हो रही धांधली और कालाबाज़ारी पर तत्काल रोक लगाई जाए।
स्थानीय किसानों को प्राथमिकता देकर खाद उपलब्ध कराया जाए।
दोषी अधिकारियों और खाद माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए विशेष निगरानी टीम गठित की जाए।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे जिला मुख्यालय पर व्यापक आंदोलन करेंगे।
