कोन-(मुन्ना लाल जायसवाल)
मो0-9792806504
कोन(सोनभद्र)।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन में शनिवार को “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” कार्यक्रम के अंतर्गत मेगा स्वास्थ्य कैम्प का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न बीमारियों के उपचार हेतु विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही, जिससे सैकड़ों महिलाओं सहित लगभग 250 मरीजों को चिकित्सा सहायता और दवाइयां वितरित की गईं।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन से लेकर 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे विशेष कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कैम्प का उद्घाटन सदर विधायक श्री भूपेश चौबे ने किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों से न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि पूरे परिवार का कल्याण भी सुनिश्चित होता है।
शिविर में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की भी व्यवस्था की गई। साथ ही, गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जिला अस्पताल जाकर जांच और उपचार हेतु परामर्श प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सीएचसी प्रभारी जेपी सिंह, सीएचसी चोपन अधीक्षक डॉ. शुभाष चन्द्र, सूर्यप्रताप मिश्रा, पवन सोनकर, डॉ. शिवम सिंह, स्टाफ नर्स वंदना, कृष्णमुरारी कन्नौजिया एवं पैरामेडिकल टीम के सदस्य भी उपस्थित थे।
यह स्वास्थ्य शिविर “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के तहत महिलाओं और परिवारों को सशक्त बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।