सोनभद्र। आज आयोजित उद्योग बंधु बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने की तथा बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग विनोद चौधरी द्वारा किया गया।
बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जनपद सोनभद्र के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र जायसवाल ने व्यापारियों, उद्यमियों एवं जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। प्रमुख मांगों में प्रत्येक माह व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन, उत्कृष्ट जीएसटी करदाताओं एवं उद्यमियों का सम्मान, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना की प्रभावी समीक्षा, बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाना, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों की निष्पक्ष जांच तथा स्वास्थ्य संस्थानों की पारदर्शी जांच व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल रहा।
बैठक में संगठन के प्रभारी मुख्य संरक्षक हाजी सलीम हुसैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने जिलाध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों का समर्थन करते हुए कहा कि व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिले के व्यापारिक एवं औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर संगठन के रोहित जायसवाल, गोपी सोनकर एवं रमाशंकर पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे तथा सभी ने सर्वसम्मति से प्रस्तुत प्रस्तावों का समर्थन किया।