
कोन-(मुन्ना लाल जायसवाल)
मो0-9415713404
कोन। विकास खंड कोन के ग्राम पंचायत चांची कला अंतर्गत टोला चांची खुर्द में स्थित नींबूइया बांध लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जलस्तर बढ़ने और पानी के दबाव के कारण टूट गया। बांध टूटने की सूचना से आसपास के ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण नींबूइया बांध में पानी का दबाव बढ़ता गया। जलस्तर बढ़ने के बाद बांध का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान चांची कला सुधीर कुमार जायसवाल मौके पर पहुंचे और बांध का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।
बांध टूटने के बाद ग्रामीण संभावित नुकसान को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा बांध की सुरक्षा और मरम्मत के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
वहीं, ग्राम पंचायत की ओर से मनरेगा के माध्यम से बांध की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। ग्राम प्रधान सुधीर कुमार जायसवाल की देखरेख में मरम्मत कार्य जारी है, ताकि बांध को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जा सके और ग्रामीणों को संभावित राहत मिल सके।
