वीर बहादुर सिंह (9616107197) 
सोनभद्र।कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक एक विशाल विरोध मार्च निकाला।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में उनका पुतला फूंकने का प्रयास किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन और कार्यक्रम का एक हिस्सा था।
पुलिस के साथ छीना-झपटी
कलेक्ट्रेट परिसर में जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन करने की कोशिश की, वहां मुस्तैद पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतला छीनने को लेकर तीखी नोकझोंक हुई और काफी देर तक छीना-झपटी की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर अपनी गंभीर आपत्तियां दर्ज कराईं।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
हंगामे के बाद कांग्रेस नेताओं ने अपर जिलाधिकारी (ADM) के माध्यम से देश के राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के जरिए कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग उठाई।
• जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए कथित “वोट चोरी” के मुद्दे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से पात्र नागरिकों के नाम जानबूझकर हटाए गए हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को तुरंत पद से हटाने की मांग की।
• शहर अध्यक्ष फरीद अहमद ने कहा कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और चुनाव प्रक्रिया में लोगों का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े इन मुद्दों पर अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगी।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।