कोन(सोनभद्र)। स्थानीय कोन ब्लाक के चांची खुर्द गांव में नव युवक मंगल दल के तत्वावधान में शारदीय नवरात्र के अवसर पर दुर्गा पूजा महोत्सव की शुरुआत विधिवत कलश स्थापना के साथ की गई। इस अवसर पर गाँव की महिलाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर कलश यात्रा निकाली, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरेश कुमार गुप्ता अध्यक्ष, नव युवक मंगल दल ने की। पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और पूरे आयोजन की तैयारी गांव के युवकों द्वारा की गई है। पूजा-अर्चना के साथ-साथ प्रतिदिन संध्या आरती, भजन-कीर्तन, तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
अध्यक्ष अमरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन गांव की एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, और हर वर्ष इसे भव्य रूप से मनाया जाता है। पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, जल व्यवस्था और सुरक्षा के भी उचित इंतजाम किए गए हैं।
पूरे नवरात्रि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे और मां दुर्गा से सुख-शांति व समृद्धि की कामना करेंगे।